महाशिवरात्रि पर जंगल में करंट लगने से हुई युवक की मौत : कटनी। बहोरीबंद - कॉलर के टैग से सुलझी अंधे कत्ल की गुत्थी, बहोरीबंद पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पवन श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ कटनी
Thu, Aug 6, 2026
कटनी। बहोरीबंद थाना पुलिस ने करीब छह माह पुराने अंधे कत्ल की सनसनीखेज गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मृतक की शर्ट के कॉलर पर लगे टैग और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान कर हत्या का पर्दाफाश किया।
कटनी पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में बहोरीबंद पुलिस ने पड़ताल शुरू की।
पुलिस के अनुसार 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के दौरान सिद्ध बाबा रोड के पास एक अज्ञात युवक का जला हुआ शव मिला था। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव जलाकर फेंकने का सामने आया, जिस पर धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक की शर्ट के कॉलर पर "RS टेलर्स मझौली" का टैग मिला। इसी सुराग के आधार पर पुलिस मझौली और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची। बाद में गोपाल वर्मन निवासी पड़वार ने कपड़ों और जेब में मिली चाबी के आधार पर आशंका जताई कि शव उसके पुत्र दुर्गा वर्मन का हो सकता है। डीएनए जांच में इसकी पुष्टि हो गई।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक अक्सर कोल्हई देव के जंगल में घूमता था। पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि महाशिवरात्रि की रात कुछ लोग जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने के लिए बिजली का करंट लगाकर बैठे थे। इसी दौरान दुर्गा वर्मन करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और मोटरसाइकिल से ले जाकर सिद्ध बाबा रोड के पास बांस के झुरमुट में फेंक दिया।
पुलिस ने मामले में धर्मेंद्र उर्फ टिक्कू यादव (23), धर्मेंद्र उर्फ धम्मू गोटिया (30) और सुखदेव उर्फ सुक्के यादव (31) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस अंधे कत्ल के खुलासे में थाना प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में बहोरीबंद पुलिस, पुलिस लाइन कटनी तथा साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Tags :
katnipolice
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन