मध्य प्रदेश कांग्रेस समिति के उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ ने : कटनी मंडी शुल्क 1.5% करने के फैसले का कांग्रेस ने किया विरोध, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
पवन श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ कटनी
Fri, Jul 31, 2026
मंडी शुल्क 1.5% करने के फैसले का कांग्रेस ने किया विरोध, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ ने बताया किसान-व्यापारी विरोधी निर्णय, मांगें नहीं मानीं तो प्रदेशव्यापी जन आंदोलन की चेतावनी।
कटनी | MP NEWS
मध्य प्रदेश शासन द्वारा कृषि उपज मंडी शुल्क को बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत किए जाने के निर्णय का विरोध तेज हो गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस समिति के उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ ने इस फैसले को किसान, व्यापारी और आम उपभोक्ता विरोधी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
इस संबंध में प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री गोविंद सचदेवा एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कृषि उपज मंडी समिति कटनी के सचिव के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि मंडी शुल्क बढ़ने से कृषि उपज व्यापार की लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर किसानों को मिलने वाले उचित मूल्य और आम जनता पर पड़ेगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी होगी और पड़ोसी राज्यों की तुलना में अधिक शुल्क होने से प्रदेश से व्यापार पलायन की आशंका भी बढ़ेगी।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि व्यापारी संगठनों और किसान प्रतिनिधियों से बिना चर्चा किए लिया गया यह फैसला अव्यावहारिक है, जिससे व्यापार, उद्योग और रोजगार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
मंडी शुल्क को 1.5 प्रतिशत किए जाने का निर्णय तत्काल वापस लिया जाए।
भविष्य में शुल्क वृद्धि या नई नीति लागू करने से पहले व्यापारी संगठनों एवं किसान प्रतिनिधियों से व्यापक चर्चा की जाए।
ऐसी संतुलित कृषि-व्यापार नीति बनाई जाए, जिससे किसानों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
जन आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया, तो प्रदेशभर के व्यापारी संगठनों और किसानों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के प्रमुख सचिव, कटनी कलेक्टर एवं कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद बागड़ी को भी भेजी गई है।

Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन